
भिलाई। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय 18 अगस्त को फार्मेसी चौथे सेमेस्टर के फार्माकोलॉजी-1 कराने वाला था, लेकिन परीक्षा के सात दिन पहले सोमवार को पेपर लीक हो गया। इसकी वजह से अब सीएसवीटीयू ने यह परीक्षा स्थगित कर दी है। सीएसवीटीयू के कुलसचिव डॉ. अंकित अरोरा पेपर लीक होने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। दरअसल, परीक्षा केंद्र एमजे कॉलेज ऑफ फार्मेसी ने 18 अगस्त को होने वाली इस परीक्षा के प्रश्नपत्र का पैकेट 11 अगस्त को ही खोल दिया। एमजे कॉलेज द्वारा यह लापरवाही तब बरती गई, जब प्रश्नपत्र के पैकेट पर बड़े अक्षरों में परीक्षा की तिथि के साथ-साथ प्रश्नपत्र का नाम भी अंकित था। प्रश्नपत्र के पैकेट को खोलने से पहले तीन लोगों के हस्ताक्षर बतौर गवाह लिए जाते हैं, लेकिन इन तीनों ने भी बिना देखे प्रश्नपत्र का पैकेट खोलने हस्ताक्षर कर दिए। इसमें एमजे कॉलेज के प्रोफेसर भी शामिल रहे।
परीक्षा स्थगित करने के साथ ही अब तकनीकी विश्वविद्यालय सीएसवीटीयू दोबारा से परीक्षा कराएगा. इसके लिए सीएसवीटीयू ने नोटिफिकेशन जारी करते हुए कहा है कि, फार्मेसी के चौथे सेमेस्टर की यह परीक्षा 18 की जगह अब 22 अगस्त को होगी.



























