
कोरबा। कोतवाली पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुख्य मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के पास पिछली रात हुई हिंसक घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। शराब के नशे में आए तीन युवकों ने उसके साथ विवाद करने के बाद मारपीट की। पीडि़त को उसके पुत्र ने किसी तरह बचाया। पीडि़त को मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में संचालित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है जहां पर उसका उपचार जारी है।
इस घटना में चंद्रशेखर और उसके दो साथियों के खिलाफ अपराध पंजीकृत किया गया है। वह मारपीट की घटना में बुरी तरह से घायल रामसागर पारा निवासी राजू कुमार चंद्रवंशी 52 वर्ष है। घायल के पुत्र सनी चंद्रवंशी ने बताया कि उसके पिता रेलवे क्रॉसिंग मुख्य मार्ग के नजदीक मंचूरियन की दुकान लगाते हैं । इससे होने वाली आमदनी से परिवार की जीविका तय होती है। रविवार की रात 9 बजे के आसपास उसके पिता दुकानदारी कर रहे थे। उसी दरमियान तीन युवक मौके पर पहुंचे जो नशे की स्थिति में थे। उन्होंने किसी पुराने विवाद को लेकर यहां गाली गलौज के साथ बहसबाजी की। जब इसका प्रतिरोध किया गया तो वे लोग मारपीट पर उतर आए। दुकान संचालक के साथ इस दौरान मारपीट की गई। सन्नी ने बताया कि पिता की आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचा तब तक मारपीट करने वाले दो नशेबाज यहां से फरार हो गए। जबकि चंद्रशेखर मौके पर मौजूद था। हम लोगों के हस्तक्षेप से पिता को किसी तरह बचाया गया।
पीडि़त पक्ष का कहना है कि उन्होंने कोतवाली पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज कराई है। मारपीट करने वाले चंद्रशेखर और उसके दो साथियों के बारे में जानकारी दी गई। इस घटना को लेकर अपराध दर्ज किया गया है। सन्नी ने बताया कि घटना में पिता को सर और दूसरे हिस्सों में गंभीर चोट आई हैं। रात्रि में ही उन्हें मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल ले जाया गया। डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उनका उपचार किया और मामले को गंभीरता से लेते हुए पीडि़त को ट्रामा सेंटर में शिफ्ट किया गया है जहां पर उपचार चल रहा है। कोतवाली पुलिस से जानकारी लेने पर बताया गया कि ऐसी कोई घटना की जानकारी हमारे संज्ञान में नहीं है।
अराजक तत्वों पर सख्ती जरूरी
रेलवे क्रॉसिंग क्षेत्र में रात्रि को हुई इस हिंसक घटना से आसपास में कुछ देर के लिए भय का माहौल व्याप्त हो गया। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में इस प्रकार की घटनाओं के कारण जन सामान्य पर गलत असर पड़ रहा है। जरूरत इस बात की महसूस की जा रही है कि गणेश उत्सव का पर्व संपन्न होने के बाद अब अगले कुछ दिनों में नवरात्र उत्सव और फिर दीपावली का सीजन शुरू हो जाएगा। ऐसे में कोरबा के हर मुख्य क्षेत्र में भीड़भाड़ होना स्वाभाविक है। ऐसे में गुंडा तत्वों की हरकतों के कारण स्थिति खराब हो सकती है इसलिए उन पर पुलिस को सख्त कार्रवाई करने गंभीरता दिखानी होगी























