पीके का मास्टरस्ट्रोक: राजद से तोड़ सरफराज को लाए जनसुराज में

पटना, १७ अक्टूबर ।
पूर्व सांसद व जोकीहाट से चार बार विधायक रहे सरफराज आलम ने गुरुवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) छोड़ जन सुराज पार्टी (जसुपा) का दामन थाम लिया। पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह और प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने पार्टी में उनका स्वागत किया। उनके साथ आने से पीके ने सीमांचल में जसुपा को लाभ होने की आशा जताई है। इसी के साथ उन्होंने कहा कि महागठबंधन को तो यह स्पष्ट करना चाहिए कि मुकेश सहनी उनके साथ हैं या नहीं। बिना एक भी सीट पर चुनाव लडऩे की आधिकारिक घोषणा किए उन्होंने उप मुख्यमंत्री बनने का दावा कर दिया है। इस बार महागठबंधन ने तो करोड़ों रुपये में टिकटों की बिक्री की है। कई जगहों पर महागठबंधन के दो-दो दलों ने प्रत्याशी दे दिए हैं। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि मुझे राघोपुर से चुनाव नहीं लड़ाने का निर्णय पार्टी ने लिया है, ताकि बाकी प्रत्याशियों की सहायता कर सकूं। तेजस्वी यादव और उनका पूरा परिवार मिलकर भी मुझको नहीं डरा सकता है।आप देखिएगा, राघोपुर में उनको तीसरे नंबर पर धकेल देंगे। सरफराज ने कहा कि मैं लंबे अरसे से घुटन महसूस कर रहा था। अब प्रशांत किशोर के साथ मिलकर बिहार में बदलाव के लिए संघर्ष करूंगा। सरफराज पूर्व केंद्रीय मंत्री व सीमांचल की राजनीति के बड़े मुस्लिम चेहरे रहे तस्लीमुद्दीन के पुत्र हैं।

RO No. 13467/11