पुणे में मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं से भरी वैन खाई में गिरी 10 महिलाओं की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख

पुणे, १२ अगस्त ।
महाराष्ट्र के पुणे में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। एक पहाड़ी इलाके में एक पिकअप वैन के सडक़ से गिर जाने से मंदिर जा रही दस महिलाओं की मौत हो गई और 29 लोग घायल हो गए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घटना पर शोक व्यक्त किया और प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।एक पुलिस अधिकारी ने प्रारंभिक जानकारी का हवाला देते हुए बताया कि वैन में करीब 40 यात्री सवार थे, जिसमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे थे। वाहन दोपहर करीब एक बजे चालक के नियंत्रण खो देने के बाद सडक़ से उतरकर 25 से 30 फीट नीचे जा गिरा। पीडि़त पापलवाड़ी गांव के रहने वाले थे और श्रावण मास के शुभ सोमवार को मनाने के लिए खेड़ तहसील में श्री क्षेत्र महादेव कुंडेश्वर मंदिर जा रहे थे। स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। अधिकारी ने बताया, 10 महिलाओं की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि 10 एम्बुलेंसों ने घायलों को निकटवर्ती अस्पतालों में पहुंचाया।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पुणे में हुई दुर्घटना में हुई लोगों की मौत से उन्हें गहरा दुख हुआ है। पीएमओ ने कहा, दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने भी इस त्रासदी पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की।

RO No. 13467/11