PM नरेंद्र मोदी ने गुजरात में की मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की तारीफ

रायपुर। गुजरात के डोडियापाड़ा में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित भव्य जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की जमकर सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि सीएम साय जनजातीय समाज से आने वाले ऐसे नेता हैं, जिन्होंने कम समय में छत्तीसगढ़ को विकास और जनकल्याण के नए आयामों से जोड़ते हुए राज्य का कायाकल्प कर दिया है। पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, हमारे जनजातीय समाज के विष्णुदेव साय राज्य का भविष्य बदल रहे हैं। उनकी नेतृत्व क्षमता और कार्यनीति से छत्तीसगढ़ तेजी से प्रगति की ओर बढ़ रहा है।” प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा और एनडीए हमेशा से आदिवासी समाज के योग्य प्रतिनिधियों को नेतृत्व में स्थान देती रही है। इसी परंपरा का परिणाम है कि देश की सर्वोच्च संवैधानिक प्रमुख राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू — एक आदिवासी महिला हैं।
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में हाल ही के छत्तीसगढ़ प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य की राजधानी रायपुर में जनजातीय गौरव के प्रतीक शहीद वीर नारायण सिंह के नाम पर बनाए गए भव्य जनजातीय संग्रहालय ने उन्हें अत्यंत प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय न केवल आदिवासी समाज के समृद्ध इतिहास और संस्कृति का प्रतीक है, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़ने का अवसर भी प्रदान करता है। मोदी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम भारत के जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं को राष्ट्रीय धारा में सम्मानित करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा, “सरदार पटेल की 150वीं जयंती के बाद भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती का यह आयोजन भारत पर्व की पूर्णता का प्रतीक है। भारत गौरव का यह उदय ऐतिहासिक है।”

 

RO No. 13467/ 8