यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त हुई पुलिस

मनेन्द्रगढ़। शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिये मनेन्द्रगढ़ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस द्वारा चलाये जा रहे विशेष अभियान के दूसरे दिन मंगलवार को भगत सिंह चौक पर सघन जांच अभियान चलाया गया जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 28 वाहन चालकों पर चालानी कार्यवाही की गई। इस अभियान की शुरुआत सोमवार को पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के निर्देश पर की गई थी। उन्होंने स्वयं पुलिस टीम के साथ शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों का पैदल निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया था तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही के निर्देश दिये थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीपेश सैनी और झगराखांड थाना प्रभारी रामनयन गुप्ता अपनी-अपनी टीमों के साथ शहर के विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे। मंगलवार को सिटी कोतवाली प्रभारी दीपेश सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भगत सिंह चौक पर वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान बिना नंबर प्लेट के चल रहे वाहनों को रोककर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत ऑनलाइन चालान किया गया साथ ही सडक़ किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्यवाही करते हुए चालान काटे गये।

RO No. 13467/11