
कोरबा। यहां के जिला जेल की 25 फीट ऊंची दीवार फांदकर भागने में सफल रहे 4 कैदी, जेल प्रबंधन और प्रशासन के लिए सिरदर्द बन गये है। इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था के लिए खतरा पैदा कर दिया है। आईजी जेल ने आज कोरबा पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। फरार कैदियों की खोजबीन के लिए पुलिस की टीम बनाई गयी।
इससे पहले फरार कैदियों के खिलाफ जेल प्रबंधन की सूचना पर सिविल लाईन पुलिस ने अलग से मामला दर्ज किया है। याद रहे 2 अगस्त को जेल की दीवार फांदकर विचाराधीन बंदी राजा कंवर 22 वर्ष भूलसीडीह, दशरथी सिदार 19 वर्ष पोड़ीबहार नीचे मोहल्ला, सरनासिंकू 26 वर्ष लालघाट मुण्डामोहल्ला बालकोनगर और चंद्रशेखर राठिया 20 वर्ष कमतरा घरघोड़ा रायगढ़ फरार हो गये। 3 से 4 बजे के मध्य ये गौशाला के नजदीक दीवार से फरार हुए। पास्को एक्ट में इन्हें नामजद किया गया था और जेल में निरूद्ध करने के साथ गायों की देखभाल करने की जिम्मेदारी दी गई थी। सीसीटीव्ही फुटेज में इनके भागने की तस्वीर कैद हुई है।
बताया गया कि आरोपियों के ठिकाने के साथ-साथ आसपास में उनकी पतासाजी के लिए पुलिस की टीमें बनाई गयी है जो अपना काम कर रही है। जिन कपड़ों में आरोपी फरार हुए है, वे फुटेज जांच टीम के पास है। आसपास में भी इन्हें साझा किया गया है ताकि कम्यूनिटी पुलिसिंग के अंतर्गत इस बारे में आवश्यक सहयोग प्राप्त किया जा सके। जेल प्रबंधन की ओर से जेलर विज्ञानंद सिंह ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है। आरोपियों के बारे में किसी प्रकार की जानकारी लोगों को होने पर वे कंट्रोल रूम के नंबर 9479193399 और सिविल लाईन थाना रामपुर प्रभारी को उनके नंबर 9479260226 व 7693913611 पर सूचित करें। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमारी जांच टीमों को इस मामले को टास्क के तौर पर दिया गया है कि वे इसे अविलम्ब हल करें। इसके अतिरिक्त गुप्तचरों को भी काम में लगाया गया है।













