
सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
कोरबा। शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार शाम पुलिस अधिकारियों ने शहर के प्रमुख और व्यस्त मार्गों पर पैदल पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार एडिशनल एसपी लखन पटले, सिटी एसपी प्रतीक चतुर्वेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर चौक से लेकर पाम मॉल तक पैदल मार्च करते हुए क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और यातायात व्यवस्था की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। पेट्रोलिंग में रामपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल, मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर, सीएसईबी चौकी प्रभारी भीमसेन यादव सहित ट्रैफिक पुलिस की टीम भी शामिल रही। अधिकारियों ने मार्ग में मौजूद लोगों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था का फीडबैक भी लिया और संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की पैदल पेट्रोलिंग से अपराधियों में भय का माहौल बनता है और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है। साथ ही ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और सडक़ पर अनुशासन बनाए रखने में भी यह पहल सहायक साबित हो रही है।
पुलिस विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।






















