
परियोजना विस्तार पर 16 हजार करोड़ का निवेश
कोरबा। वायु प्रदूषण की समस्या से जूझ रहे कोरबा जिले में परेशानियां भले ही कम न हो लेकिन औद्योगिक इकाईयों का विस्तार रफ्तार पर है। पूर्ववर्ती लैंको अमरकंटक पावर प्रोजेक्ट का अधिग्रहण करने वाली अदाणी पावर ने अब यहां 800 मेगावाट के साथ परियोजना का विस्तार करना चाहा है। सरगबुंदिया में आज इसके लिए जनसुनवाई रखी गई। यहां जितनी संख्या में लोग पहुंचे थे उसकी तुलना में पुलिस बल ज्यादा नजर आया।
अदाणी पावर ने पुरानी 600 मेगावाट उत्पादन क्षमता वाली इकाई का विस्तार करना चाहा है। इसमें 200 मेगावाट की बढ़ोत्तरी प्रस्तावित है। इसी के लिए केंद्रीय पर्यावरण विभाग के पास आवेदन किया गया। वहां से मिली तारीख के अंतर्गत आज जनसुनवाई रखी गई। इसके लिए पिछले कुछ दिनों से अलग-अलग स्तर पर रणीनतिक तैयारी प्रबंधन की ओर से जारी रही। कोई रूठे नहीं और कोई छूटे नहीं के सिद्धांत पर इस योजना पर काम किया गया। लैंको अमरकंटक के अधिग्रहण के बाद से आसपास के परियोजना प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों और लाभान्वितों की संख्या के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व पर जबरदस्त तरीके से फोकस किया गया। आम लोगों पर प्रभाव स्थापित करने की यह पॉलिसी रही। लोगों तक यह बात पहुंचाई गई कि परियोजनों के विस्तार से क्षेत्र का किस कदर कल्याण होगा। खबर है कि बहुत सारे लोगों ने जनसुनवाई का समर्थन करने की मानसिकता बनाई जबकि विरोध करने वाले भी आसपास के क्षेत्र में मौजूद हैं जो आज यहां पहुंचे।
रोजगार से लेकर कई तरह के दावे
कहा जा रहा है कि अदाणी पावर की इस परियोजना में 5500 से ज्यादा लोगों को प्रत्यक्ष और परोक्ष रुपए से रोजगार मिल सकेगा। 16 हजार करोड़ का निवेश यहां पर किया जा रहा है। परियोजना की गतिशीलता से आसपास के क्षेत्र के लिए नए सूर्य का उदय हो सकता है।























