
मैनपुरी। पूर्व भाजपा नेत्री के पुत्र के अश्लील वीडियो प्रसारित करने वाले आरोपित साढू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने न्यायालय पेश करने के बाद आरोपित को जेल भेज दिया है। इस मामले में महिला ने प्रेमी की पत्नी, उसके जीजा और बहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है।पूर्व भाजपा महिला मोर्चा की नेत्री के पुत्र और एक महिला के अश्लील वीडियो तीन दिन पहले इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो गए। वीडियो में युवक के साथ दिख रही महिला ने शुक्रवार की देर रात कोतवाली में प्रेमी के साढू नीरज गुप्ता, नीरज की पत्नी खुशबू और प्रेमी की पत्नी शीतल गुप्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। महिला का आरोप था कि प्रेमी के साथ बनी हुई उसकी पुरानी वीडियो को उक्त आरोपितों ने किसी तरह चोरी कर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिए। पुलिस ने एक आरोपित नीरज गुप्ता को करहल रोड से गिरफ्तार कर लिया। थाने लाकर पूछताछ के बाद उसे न्यायालय पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले में गहनता से जांच पड़ताल में जुटी है। पुलिस साइबर और सर्विलांस टीम की मदद से जानकारी जुटा रही है कि आखिर ये वीडियो इंटरनेट मीडिया पर किसके द्वारा प्रसारित किए गए हैं। मोबाइल व लैपटाप खंगाले जा रहे हैं कि यह वीडियो आखिर क्यों बनाए गए। पूर्व भाजपा नेत्री सीमा गुप्ता ने अपनी पुत्रवधू शीतल गुप्ता पर भी कई गंभीर आरोप लगाए। उनका आरोप है कि उनकी पुत्रवधू के घर में चोरी करने लगी थी। उसने वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल करने का भी प्रयास किया था। इसलिए ही उसने वीडियो प्रसारित कराए।