
जांजगीर-चांपा। 37 वें राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह के द्वितीय दिवस शुक्रवार 2 जनवरी को जिला मुख्यालय जांजगीर में यातायात पुलिस द्वारा वृहद स्तर पर हेलमेट जन-जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया। यह सडक़ सुरक्षा माह 1 जनवरी 2026 से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहार के नेतृत्व में यह रैली निकाली गई। रैली को सीएसपी योगिताबाली खापर्डे द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। हेलमेट सुरक्षा, जागरूकता रैली पुलिस नियंत्रण कक्ष जांजगीर से प्रारंभ होकर कचहरी चौक, नेताजी चौक, नैला रेलवे स्टेशन चौक होते हुए पुन: नेताजी चौक से लिंक रोड के माध्यम से पुलिस नियंत्रण कक्ष पहुंची। रैली में शामिल पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोपहिया वाहन चलाकर आम नागरिकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बताया गया कि हेलमेट का उपयोग सिर की गंभीर चोटों से बचाव में अत्यंत प्रभावी है और यह जीवन रक्षक साबित होता है।
रैली के माध्यम से नागरिकों को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित गति और जिम्मेदार वाहन संचालन का संदेश दिया गया। पुलिस विभाग के अनुसार जिले में सडक़ दुर्घटनाओं से होने वाली कुल मौतों में लगभग 62 प्रतिशत मृत्यु दोपहिया वाहन चालकों की होती है, जिससे यह स्पष्ट है कि सडक़ दुर्घटनाओं में दोपहिया चालक सबसे अधिक प्रभावित वर्ग हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह जागरूकता रैली आयोजित की गई। पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की है कि मोटरसाइकिल चलाते समय नियमित रूप से हेलमेट का उपयोग करें, नाबालिगों को वाहन न चलाने दें और सडक़ सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाएं। सामूहिक प्रयासों से ही सुरक्षित सडक़ों का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।


























