
जांजगीर। शहर के व्यस्त बुधवारी बाजार में सब्जी व्यापारी का थैला बदमाश उठा ले भागा। थैले में रुपए, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। दर्राभाठा ठठारी निवासी सब्जी विक्रेता संतोष कुमार साहू रोजाना की तरह बुधवार को छोटा हाथी गाड़ी में सब्जियां बेचने आया था।
उसने विजय एल्युमिनियम दुकान के सामने रोड किनारे आलू-प्याज का ठेला लगाया था। शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका थैला चोरी कर लिया। थैले में मोबाइल फोन (कीमत लगभग 4,000 रुपए), वाहन की चाबी, आधार कार्ड एवं पैन कार्ड की प्रतियां और लगभग 16,000 रुपए रखे थे।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 20,000 रुपए आंकी गई है। जबकि व्यवसायी के अनुसार उसे बदमाश ने उसके 50 हजार रुपए पार कर दिए हैं। पीडि़त ने आसपास के फुटेज खंगाले तो पाया कि जब वह सब्जी बेचने में व्यस्त था, उसी समय एक युवक पीछे आकर खड़ा हुआ। आसपास नजरें घुमाने के बाद वह उसके बगल में रखे थैले लेकर चलता बना। बहरहाल पुलिस मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है।
























