
कोरबा। बांगो शिव मंदिर में आयोजित मेले के दौरान उस वक्त हडक़ंप मच गया जब भारी भीड़ के बीच एक छोटी बच्ची अपने परिजनों से बिछड़ गई। मेले में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी हुई थी। पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार माइक से समझाइश दी जा रही थी कि अभिभावक अपने बच्चों पर विशेष ध्यान रखें, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। इसी बीच परिजनों की लापरवाही के कारण बच्ची भीड़ में गुम हो गई। वही ड्यूटी पर तैनात बांगो पुलिस की नजर रोती हुई बच्ची पर पड़ी, जिसके बाद उसे तत्काल अपनी सुरक्षा में लिया गया। पुलिस ने बच्ची से पूछताछ की, लेकिन वह घबराई हुई थी। उधर मेला समिति की ओर से साउंड सिस्टम के माध्यम से लगातार मुनादी कराई जाती रही। काफी समय तक परिजनों का पता नहीं चल पाया, जिससे चिंता बढ़ गई। आखिरकार लंबे इंतजार के बाद घबराए हुए परिजन पुलिस तक पहुंचे। पुष्टि होने के बाद बच्ची को सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया गया। बताया जा रहा है कि बच्ची ठाड़पखना गांव की रहने वाली है। जहाँ एत्मानगर सरपंच व स्थानीय सम्राट यादव से भी परिजनों को पहचान कराया गया फिर बच्ची को सुपुर्द किया गया। इस दौरान परिजनों ने पुलिस और मेला समिति का आभार व्यक्त किया। पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर अपील की है कि मेले और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बच्चों को अकेला न छोड़ें और उन पर विशेष नजर रखे।




















