
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार दोपहर दिल्ली पहुंच गए। इसके साथ ही मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रही राजनीतिक सरगर्मी का केंद्र भी अब दिल्ली बन गई है। मंत्रिमंडल में रिक्त पांच स्थानों के दावेदार भाजपा विधायकों का जमावड़ा भी अब दिल्ली में लगा है। लगभग एक दर्जन विधायक अपने संपर्कों के सहारे अपनी दावेदारी को पुख्ता करने की कोशिश में दिल्ली पहुंचे हैं। इनमें देहरादून के दो, हरिद्वार के तीन और कुमाऊं क्षेत्र के कुछ विधायक शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के लिए समय मांगा है। विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विवादित टिप्पणी के कारण प्रेम चंद अग्रवाल के मंत्री पद गंवाने के बाद मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल के पुख्ता संकेत मिलने शुरू हो गए थे। यद्यपि, इस तरह की चर्चा पिछले लगभग तीन सप्ताह से राजनीतिक गलियारों में चल रही है। मंत्रिमंडल विस्तार का मुख्य कारण पांच मंत्री पदों का रिक्त होना है क्योंकि इससे कामकाज में व्यवहारिक दिक्कतें आने की संभावना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने हाल ही में संकेत दे दिए थे कि मंत्रिमंडल विस्तार अब जल्द होगा। भट्ट का कहना था कि यही मंत्रिमंडल विस्तार का सही समय है। पिछले दो दिनों से मुख्यमंत्री धामी के दिल्ली दौरे और इस दौरान मंत्रिमंडल विस्तार व फेरबदल को लेकर केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा की बात सामने आ रही थी। मुख्यमंत्री दिल्ली पहुंच गए।























