
नई दिल्ली। संसद में कथित दुर्व्यवहार को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर एक नया वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के 20-25 सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धमकियां दीं। रिजिजू ने कहा कि यदि भाजपा और एनडीए सांसदों को “पूरी छूट” दी जाती तो स्थिति अराजक हो सकती थी, लेकिन सत्तापक्ष ने संयम बरतते हुए किसी भी अप्रिय दृश्य से बचने की कोशिश की।
रिजिजू के अनुसार कुछ कांग्रेस सांसद जबरन अध्यक्ष कक्ष में घुसे और वहां दुर्व्यवहार किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल ने स्वयं कोई अपशब्द नहीं कहे, लेकिन उनकी मौजूदगी में अन्य सांसदों ने आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया। मंत्री ने कहा कि सरकार इस मुद्दे को सार्वजनिक नहीं करना चाहती थी, किंतु कांग्रेस द्वारा “बार-बार झूठ फैलाने” के कारण उन्हें यह जानकारी साझा करनी पड़ी।
































