
कोरबा। शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान ,समर्पण एवं विशिष्ट प्रबंधन के कार्य तथा कुशल संस्था का संचालन करने के लिए डॉक्टर संजय गुप्ता को बेस्ट स्कूल प्रिंसिपल ऑफ द ईयर अवार्ड 2026 से सम्मांनित किया गया। विगत 48 वर्षों से शिक्षा जगत को अपनी सेवा देते हुए डॉ. संजय गुप्ता (प्राचार्य-इंडस पब्लिक स्कूल दीपका) ने अपना सर्वस्व विद्यार्थियों के लिए समर्पित करते हुए इस मुकाम को हासिल किया है। डॉ. संजय गुप्ता को यह सम्मान 1 फरवरी 2026 को हॉलिडे इन, मयूर विहार नई दिल्ली में* आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षाविद, लीडर,प्रोफेशनल,इनोवेटर्स जैसे ख्यातिलब्ध व नामचीन हस्ती मौजूद रहे जिनमें मुख्यत: डॉक्टर संयम भारद्वाज (कंट्रोलर ,एग्जामिनेशन सीबीएसई), डॉ आलोक कुमार गुप्ता (डिप्टी डायरेक्टर,एन आईओ एस, शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार) , डॉ संदीप मारवाह(फाउंडर नोएडा फिल्म सिटी), के श्रीनिवासन ( रीजनल डायरेक्टर सीबीएसई), डॉ शंकर गोयनका (ऑथर ,कोच और स्पीकर), श्रीमती गुरप्रीत कौर(फाउंडर एडु इंफिनिटी एंड एआई एक्सपर्ट), डॉ प्रियदर्शी नायक (चेयरमैन सी ईडी इंडिया)उपस्थित थे। इस अवसर पर अपनी अभिव्यक्ति जाहिर करते हुए डॉ. संजय गुप्ता ने कहा कि* यह पुरस्कार मेरे अकेले का नहीं है, बल्कि यह हमारे विद्यालय के संपूर्ण परिवार—शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, समस्त कर्मचारियों और विद्यालय प्रबंधन—के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। मेरे जीवन का एक ही उद्देश्य है कि मैं अंतिम सांस तक शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करता रहूंगा। विद्यालय का संचालन एवं बच्चों के भविष्य निर्माण हेतु अथवा नये आवाम तलाशना नि:संदेह काफी कठिन कार्य है। परंतु मैं अपनी पूरी निष्ठा एवं लगन से इस कार्य में लगा रहुँगा। मेरी जिंदगी का एक ही उद्देश्य है सीखना एवं सिखाना एवं विद्यार्थियों को सतत रूप से आगे बढऩे हेतु प्रेरित करना। आजीवन जनसामान्य हेतु तथा विद्यालय के बच्चों सहित कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी हेतु समर्पण भाव से कार्य करता रहूंगा।संस्था के संचालन में आने वाली प्रत्येक चुनौतियों के लिए भी तैयार रहूंगा तथा बेहतर से भी बेहतर करने की कोशिश करता रहूंगा। अपने कार्य से स्वयं और अन्य को संतुष्ट करना मेरा उद्देश्य है। इस क्षणभंगुर जीवन में समाज के लिए कुछ असाधारण कर परोपकार का कार्य करना भी लक्ष्य है ,लेकिन पहली प्राथमिकता शिक्षा है।जीवन भर कुछ नया करना और नया सीखकर अन्य को भी उस ज्ञान के प्रकाश से आलोकित करना लक्ष्य है।
*डॉ. संजय गुप्ता के बेस्ट स्कूल प्रिंसिपल ऑफ द ईयर 2026 अवार्ड* प्राप्त होने पर इंडस विद्यालय परिवार अत्यंत गौरवान्वित महसूस कर रहा है ।इससे पहले भी डॉ. गुप्ता विभिन्न सम्मान से नवाजे गए हैं। साथ ही अनेक सामाजिक संस्थाओं द्वारा हर वर्ष समाज एवं शिक्षा के क्षेत्र में डॉ. संजय गुप्ता को सम्मानित किया जाता रहा है।






















