
चिरमिरी। जिले में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चिरमिरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने छापेमारी कर अवैध महुआ शराब के कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि शराब बनाने वाला मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया।पुलिस ने अवैध महुआ शराब बनाए जा रहे ठिकाने को पूरी तरह तबाह कर दिया गया है साथ में शराब बनाने वाले हांडी को भी जब्त कर लिया है। पुलिस को मुखबिर से अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने मोहारीडांड जंगल में तत्काल दबिश दी। मौके से करीब 20 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई। बरामद शराब प्लास्टिक की पन्नी में भरी हुई थी, जिसे बिक्री के लिए तैयार रखा गया था।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री कर रहे एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। वहीं शराब बनाने का मुख्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। जिसे पुलिस जल्द गिरफ्तार करने की बात कह रही हैं।चिरमिरी पुलिस के अनुसार फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जब्त शराब को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।एमसीबी जिले के चिरमिरी में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने में दें।























