
अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में जुमा अलविदा नमाज के बाद अंतरराष्ट्रीय कुद्स डे पर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर खामनेई की मौत का विरोध जताया गया। हाथों में काली पट्टी बांधकर नारा ए तकबीर, अल्लाहु अकबर, अमेेरिका और इजरायल मुर्दाबाद के नारे लगाए गए।
प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की तो प्राॅक्टोरियल टीम के साथ नोकझोंक और धक्कामुक्की हुई। प्रदर्शन में महिलाएं भी शामिल हुईं। एएमयू नान टीचिंग कर्मचारी और तंजीमुल अजा कमेटी की ओर से अंतरराष्ट्रीय कुद्स डे के उपलक्ष्य में जामा मस्जिद से बाबे सैयद तक तीन बजे मार्च निकालने का ऐलान किया गया था।
रमजान के आखिरी शुक्रवार को फिलिस्तीनियों के समर्थन में यरूशलम (अल-कुद्स) और इजरायल के कब्जे के विरोध में मनाया जाने वाला एक वार्षिक अंतरराष्ट्रीय दिवस है। एएमयू में दो बजे के बाद काली पट्टी बांधकर जुमे की नमाज पढ़ी। इसके बाद लोग स्टाफ क्लब के पास जमा हुए। इसमें महिलाएं भी शामिल थीं।





















