लोनी डंपिंग ग्राउंड का विरोध: पुलिस और प्रदर्शनकारियों में तीखी झड़प, लाठीचार्ज में कई घायल

लोनी। मीरपुर हिंदू गांव में सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच रविवार दोपहर प्लांट का ताला तोड़ने पर तीखी झड़प हुई। इस बीच कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया तो पुलिस ने लाठी भाजकर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। इसमें 10 लोगों के चोटिल होने की सूचना है। दो पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए हैं। एक वृद्धा के सिर में चोट आई है, उनकी मौत की अफवाह भी फैल गई।

पुलिस ने अस्पताल में उपचाराधीन वृद्धा का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर डालकर उसके स्वस्थ होने की पुष्टि करते हुए बयान जारी किया। वहीं, लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के मौके पर पहुंचने की सूचना पर पुलिस उपायुक्त ग्रामीण समेत एसडीएम, दो एसीपी और पांच थानों के थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात है। शाम को ग्रामीण वापस धरनास्थल पर लौट आए जबकि कुछ ग्रामीणों को पुलिस अधिकारियों ने वार्ता के लिए बुलाया।

RO No. 13467/10