
पटना, 07 अप्रैल ।
बिहार में इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के पूर्व कांग्रेस ने आक्रामक मुद्रा में फ्रंट में आकर खेलना शुरू कर दिया है। खेल की कप्तानी खुद राहुल गांधी कर रहे हैं। कप्तानी में कोई कोर-कसर न रहे इसके लिए उन्होंने अपने आजमाए हुए खिलाडिय़ों को फील्ड सजा दी है। पहले बिहार के प्रभारी को बदला। इसके बाद अध्यक्ष बदले गए। इसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए कांग्रेस के सभी संगठनात्मक जिलों में 40 अध्यक्ष भी घोषित किए। टीम का मनोबल ऊंचा रखने के लिए राहुल अपनी नई टीम के साथ खुद मैदान में उतर रहे हैं। इसी कड़ी में वे इस वर्ष तीसरी बार सात अप्रैल सोमवार को बिहार आ रहे हैं। इसके पूर्व वे जनवरी और फरवरी महीने में भी बिहार आ चुके हैं।
राहुल गांधी सोमवार की सुबह पौने दस बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे रोजगार दो, पलायन रोको यात्रा में शामिल होने के लिए हेल्किाप्टर से बेगूसराय पहुंचेंगे। जहां उनकी आगवानी को एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया पहले से मौजूद होंगे। राहुल गांधी का करीब 10.10 बजे बेगूसराय के उलाव हवाई अड्डा पहुचेंगे। यहां ये वे बेगूसराय के सुभाष चौक पहुंचेंगे और पद यात्रा में शामिल होंगे। पद यात्रा में राहुल करीब दो से चार किमी चलेंगे। इस दौरान युवाओं से संवाद का भी उनका कार्यक्रम है। पदयात्रा की शुरुआत हो चुकी है और इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक शामिल हो रहे हैं। राहुल गांधी के करीब पहुंचने को लेकर कांग्रेस समर्थकों में होड़ सी दिख रही है। राहुल गांधी का बेगूसराय से पटना पहुंचने का भी कार्यक्रम है जहां वह संविधान सुरक्षा सम्मेलन में शामिल होंगे, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से बात करेंगे। जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी सबसे पहले बेगूसराय पहुंचेंगे।
बेगूसराय में वह सुभाष चौक पर कन्हैया कुमार की पलायन रोको, नौकरी दो पदयात्रा में शामिल होंगे। राहुल गांधी के तीन किलोमीटर तक कन्हैया कुमार के साथ पदयात्रा में चलने का कार्यक्रम है। राहुल गांधी इस दौरान आम जनता से भी बात करेंगे और उनकी समस्याएं जानेंगे। राहुल गांधी बेगूसराय से पटना रवाना हो जाएंगे जहां उन्हें श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल में आयोजित संविधान सुरक्षा सम्मेलन में शिरकत करनी है।






























