
नेशनल ओपन चैलेंज कबड्डी ने बनाई पहचान
कोरबा। नेशनल ओपन चैलेंज कबड्डी प्रतियोगिता 2026 में करपिहा कोटा राजस्थान की टीम ने नई दिल्ली को जबरदस्त तरीके से पटखनी दी और विजेता की ट्राफी जीत ली। प्रतियोगिता में चार राज्यों की टीमों ने भागीदारी की और उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।
कोरबा जिले के बतारी पंचायत में यह कबड्डी प्रतियोगिता बड़े स्तर पर आयोजित की गई। दर्शकों को यहां खिलाडिय़ों के दांव-पेंच देखने को मिले। प्रतियोगिता के तृतीय स्थान पर छत्तीसगढ़ पाली की टीम को मिला। चतुर्थ स्थान पर चिंगराजपारा बिलासपुर के टीम को स्थानीय दर्शकों का भरपूर जनसमर्थन मिला। खेल समारोह में उत्साह, खेल भावना और खेल प्रेमियों का भारी जनसमर्थन मिला। समापन समारोह में प्रदेश के केबिनेट स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वाणिज्य, उद्योग, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन तथा विधायक प्रेमचंद पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के साथ मध्यप्रदेश, राजस्थान, पंजाब की टीमों ने भाग लेकर उच्च स्तरीय खेल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता टीमों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी, पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक कबड्डी संघ पाली के अध्यक्ष राजकुमार राज एवं पदाधिकारियों का भी सम्मान किया गया। कबड्डी प्रतियोगिता की सराहना करते हुए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मानसिक मजबूती और अनुशासन भी सिखाते हैं। आज के युवाओं को नशे और नकारात्मकता से दूर रहकर खेलों से जुडऩा चाहिए, जिससे एक स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके। केबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल ग्रामीण युवाओं में आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। ऐसे आयोजनों से गांवों की छिपी प्रतिभाएं सामने आती हैं और उन्हें आगे बढऩे का अवसर मिलता है। ग्राम पंचायत बतारी के सरपंच आयोजन समिति के प्रमुख राजूलाल श्रोते ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, खिलाडिय़ों, आयोजन समिति, ग्रामवासियों एवं खेल प्रेमी दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायत का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना है और भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर किए जाएंगे।






















