
भिलाई। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव के प्रतिनिधि निरंजन बिसाई और उसके दो साथियों के साथ पोस्टर में नाम फोटो ना डालने को लेकर मारपीट करने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सिम्हाद्री बिसाई पिता स्व. विन्दावन बिसाई (48 साल) निवासी नेहरू नगर अटल आवास वार्ड-4 थाना सुपेला ने वैशाली नगर थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया कि 6 अप्रैल 2025 को दोपहर 2 बजे जवाहर नगर स्थित बेन्थो उडिय़ा समाज के श्रीसिंधु पटरानी मंदिर में प्रसाद वितरण का कार्य चल रहा था। प्रसाद वितरण मंदिर समिति के द्वारा किया जा रहा था। उस जगह पर मंदिर समिति ने अपना एक बैनर भी लगाया हुआ था। इसी दौरान वहां विधायक प्रतिनिध निरंजन बिसाई अपने साथी जुटिष्टी बिसाई उर्फ राजू और अन्य दो तीन लोगों के साथ वहां पहुंच गया। उसने देखा कि वहां लगे बैनर पोस्टर में उसका नाम फोटो नहीं है। इस पर वो काफी आक्रोशित हो गया। उसने मंदिर में लगे बैनर को हटा दिया और वहां पर निरंजन बिसाई विधायक प्रतिनिधि वाला बैनर पोस्टर लगा दिया। इससे कार्यक्रम में मौजूद समाज के लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने इसका विरोध किया तो निरंजन बिसाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर वहां मारपीट शुरू कर दी। उसने सिम्हाद्री बिसाई और हिर दलाई बुरी तरह पीटा। इससे उन्हें काफी चोंटे आई हैं। इसके बाद वो वहां से चला गया और लोगों को जान से मारने की धमकी दी।



























