
नोएडा। सेक्टर-36 में सेवानिवृत अधिकारी रजवीर सिंह को टेलीग्राम से मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 13.93 लाख रुपये ठग लिए। 21 से 29 अगस्त के बीच अनजान खातों में पिता को रकम ट्रांसफर करते देख बेटे ने सूझबूझ से उन्हें बड़ा निवेश करने से रोक दिया। पीडि़त ने साइबर क्राइम थाने में ठगी का मुकदमा कराया है। पुलिस टीम पीडि़त के खाते से जिन बैंक अकाउंट में ट्रांजेक्शन हुई है। उनकी जांच कर रही है। पीडि़त के पास 21 अगस्त को अनजान नंबर से संदेश आया था। इसमें टेलीग्राम पर टास्क पूरा कर मुनाफ कमाने की बात लिखी थी। वह साइबर ठगों के जाल में फंस गए। उन्होंने नंबर पर संपर्क कर ठगों से बातचीत कर टास्क की जानकारी ली। शातिरों ने उन्हें सिक्स स्विस एक्सजेंच आर 209 नाम से लिंक भेजा और निवेश करते ही मुनाफा मिलने का लालच दिया। पीडि़त ने पहली बार में पांच हजार रुपये का निवेश किया। इस पर ठगों ने थोड़ा मुनाफ उन्हें भेज दिया। 22 अगस्त को दूसरी बार में नौ हजार का निवेश किया। उन्हें फिर लाभ दिया गया।
















