ईरान हमलों पर ब्रिटेन-अमेरिका में दरार, ट्रंप बोले- तुष्टीकरण और मुस्लिम वोट बैंक के लिए स्टार्मर ने बदले सुर

नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिकी हमलों को लेकर अमेरिका और ब्रिटेन के तथाकथित ‘विशेष संबंध’ में दरार और गहरी होती दिख रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लगातार दूसरी बार ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर की आलोचना करते हुए कहा कि दोनों देशों के रिश्तों का इस तरह कमजोर होना दुखद है।

स्टार्मर की आलोचना करते हुए ट्रंप ने कहा कि उनका रुख मददगार नहीं रहा। एएनआइ के अनुसार, ट्रंप ने संकेत दिया कि स्टार्मर का फैसला मुस्लिम मतदाताओं को साधने की राजनीति से जुड़ा हो सकता है।

रॉयटर के अनुसार, ब्रिटिश अखबार द सन को दिए साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा कि उन्हें ब्रिटेन के समर्थन की जरूरत नहीं थी, लेकिन शुरुआती हिचक निराशाजनक रही। उन्होंने यह भी कहा कि अब फ्रांस और जर्मनी जैसे यूरोपीय देशों के साथ अमेरिका के संबंध अधिक मजबूत हैं। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि ब्रिटेन इस तरह अमेरिकी कार्रवाई से दूरी बनाएगा। गौरतलब है कि स्टार्मर ने पहले स्पष्ट किया था कि ब्रिटेन ने अमेरिका और इजरायल द्वारा तेहरान पर किए गए हमलों में भाग नहीं लिया, क्योंकि किसी भी सैन्य कार्रवाई के लिए व्यवहार्य और सुविचारित योजना तथा स्पष्ट कानूनी आधार आवश्यक है।

उन्होंने यह भी कहा कि वह आसमान से शासन परिवर्तन के पक्ष में नहीं हैं। हालांकि बाद में ब्रिटेन ने सीमित और रक्षात्मक उद्देश्यों के लिए अमेरिकी बलों को अपने ठिकानों के उपयोग की अनुमति दी। स्टार्मर के फैसले को ब्रिटेन में मिली जुली प्रतिक्रिया मिली है।

RO No. 13467/11