सांस्कृतिक वैभव से परिपूर्ण अतुल्य भारत का इतिहास गौरवशाली रहा है: ऋषभ सिंह

सिंघिया में आयोजित हो रहा कृषि महाविद्यालय के सात दिवसीय विशेष एनएसएस शिविर, हुआ नुक्कड़ नाटक का मंचन
कोरबा/कटघोरा। कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र कटघोरा कोरबा में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के द्वारा सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत सिंधिया स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय में किया जा रहा है। शिविर के चतुर्थ दिवस विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। गतिविधियों में प्रमुख रूप से सुबह योग प्राणायाम किया गया। योगाभ्यास में स्वयंसेवकों के साथ स्थानीय बालिका छात्रावास के बालिकाओं ने भी शामिल हुए। तत्पश्चात स्वयंसेवकों के द्वारा प्राथमिक शाला सिंघिया, बस स्टैंड एवं स्थानीय बाजार में स्वच्छता अभियान चलाया गया। लगभग एक क्विंटल प्लास्टिक एवं अपशिष्ट जमा कर निपटान हेतु सरपंच सिंधिया मनोज टेकाम से आग्रह किया गया। दोपहर में बौद्धिक चर्चा में मुख्य वक्ता के रूप में प्रचारक ऋषभ सिंह ने भारत के गौरवशाली इतिहास, देश का नामकरण भारत से इंडिया कैसे पड़ा, इस विषय पर सारगर्भित जानकारी प्रदान करते हुए स्वयंसेवकों एवं स्कूल में अध्यनरत छात्रों के साथ चर्चा की। उन्होंने अपने उद्बोधन में भारत के 2500 वर्ष के इतिहास का पुनरावलोकन किया। विद्यार्थियों के मध्य अपने 30 मिनट के व्याख्यान में तथ्यपूर्ण एवं धारा प्रवाह जानकारी प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने भारत के इतिहास इतिहास के बारे में प्रथम बार जानकारी प्राप्त किया एवं उत्साहित नजर आए। दूसरे वक्ता के रूप में सहायक प्राध्यापक डॉ दिनेश सिंह धुर्वे ने ई गवर्नेंस के बारे में विस्तृत जानकारी दी। तत्पश्चात सहायक प्राध्यापक योगेंद्र सिंह द्वारा मोर बारी मोर सब्जी के साथ किचन गार्डन कैसे तैयार करते हैं, कितने परिवार के लिए कितने कम लागत में सब्जी का उत्पादन सालभर छोटे से एरिया में किया जा सकता है, इस विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की। अंत में स्वयंसेवक अनुष्ठा एवं उनके साथियों के द्वारा आजकल हो रही ऑनलाइन धोखाधड़ी को रोकने के लिए नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसका शीर्षक ऑनलाइन ठगी कैसे रोके रहा। कार्यक्रम में आत्मानंद स्कूल की प्राचार्य श्रीमती संगीता साव एवं कार्यक्रम अधिकारी बीआर जाटवर भी उपस्थित रहे। अधिष्ठाता कृषि महाविद्यालय डॉ एसएस पोर्ते के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर का सफल एवं सुचारु संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ रोशन भारद्वाज व डॉ साधना साहा द्वारा किया जा रहा है।

RO No. 13467/9