
जांजगीर। जिले में मानवता और सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जांजगीर चांपा पुलिस द्वारा रक्तदान शिविर के साथ सडक़ सुरक्षा माह का शुभारंभ किया जाएगा। यह कार्यक्रम 01 जनवरी की दोपहर 12 बजे जांजगीर कचहरी चौक के सी-मार्ट परिसर में आयोजित किया जाएगा।
इस वर्ष कार्यक्रम की थीम रखी गई है – रक्तदान करें किंतु सडक़ों पर नहीं, जिसका उद्देश्य नागरिकों को यह संदेश देना है कि व्यक्ति अपने रक्त को सडक़ दुर्घटनाओं में व्यर्थ न गंवाए, बल्कि इसे जरूरतमंदों की जान बचाने में इस्तेमाल करे। रक्तदान शिविर सुबह 10.00 बजे से शुरू होगा, जिसमें जिले के सभी सामाजिक संगठनों के सदस्य भाग लेंगे।
जांजगीर चांपा पुलिस ने बताया कि इस कार्यक्रम का आयोजन पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार प्रतिवर्ष किया जाता है। सडक़ सुरक्षा माह कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। यह अभियान 01 जनवरी से 31 जनवरी तक चलेगा और यातायात जागरूकता रथ के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, नाबालिगों को वाहन न देने और अन्य नियमों का पालन करने के लिए प्रशिक्षित करेगा। जांजगीर चांपा पुलिस ने नागरिकों, पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की है कि वे बढ़-चढक़र इस रक्तदान शिविर और सडक़ सुरक्षा माह कार्यक्रम में भाग लें और मानवता तथा जिम्मेदार नागरिक होने की मिसाल पेश करें।
यह कार्यक्रम न केवल मानवता की सेवा का अवसर प्रदान करेगा, बल्कि जिले में सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ाएगा। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से यह पहल सफल होगी और सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा जरूरतमंदों की मदद करने में मददगार साबित होगी।



















