
देवरी-सारागांव। जनपद पंचायत बम्हनीडीह अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरी से अमरुवा तक प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत वर्ष 2020 में निर्मित सडक़ आज अपनी बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों की परेशानी का कारण बनी हुई है। छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा निर्मित यह सडक़ अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी है।
निर्माण के महज कुछ वर्षों के भीतर ही सडक़ की हालत इतनी खराब हो जाना विभागीय कार्यप्रणाली और निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर रहा है। ग्रामीणों के अनुसार बीते लगभग पांच वर्षों में इस सडक़ की कई बार मरम्मत कराई गई, लेकिन हर बार मरम्मत के कुछ ही महीनों बाद सडक़ फिर से उखड़ जाती है। वर्तमान में सडक़ पर डामरीकरण कई स्थानों से पूरी तरह निकल चुका है और गिट्टियां बिखर गई हैं। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आवागमन करना बेहद कठिन हो गया है। इस सडक़ से रोजाना स्कूली बच्चों, किसानों, मजदूरों और आम ग्रामीणों का आना-जाना होता है।
गड्ढों और उखड़ी गिट्टियों के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सडक़ निर्माण के दौरान गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसका खामियाजा अब आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। बार-बार मरम्मत के बावजूद सडक़ की स्थिति में सुधार नहीं होना इस बात का प्रमाण है कि निर्माण कार्य में भारी लापरवाही बरती गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि इस जर्जर सडक़ को जल्द से जल्द नई सडक़ का निर्माण कराया जाए, ताकि उखड़ी गिट्टियों और गड्ढों से होने वाली परेशानियों से क्षेत्र के आम नागरिकों को राहत मिल सके।
















