
चांपा। नगर में सडक़ हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।लगातार चौथे दिन हुई दुर्घटनाओं ने लोगों के मन में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। चार दिनों के भीतर सडक़ हादसों में दो लोगों की मौत एवं तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पहली घटना ग्राम हाथनेवरा निवासी रवि पटेल (25 वर्ष) पिता सम्मेलाल पटेल के साथ हुई। बताया जा रहा है कि वह अपने काम से जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सडक़ पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके दोनों पैरों में गंभीर चोट आई है, जिसमें एक पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार युवक की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। दूसरी घटना में चांपा सदर बाजार के डोंगाघाट निवासी तुलसीदास महंत 60 वर्ष की मौत हो गई। तुलसीदास महंत साइकिल से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही ‘छोटा हाथी’ वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक ने मानवता दिखाते हुए उन्हें उसी वाहन से शासकीय बीडीएम अस्पताल चांपा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन द्वारा शव को मच्र्युरी में रख दिया गया है। इसके पूर्व गौरव पथ में सडक़ दुर्घटना के कारण पचोरी निवासी एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। वहीं उसका पुत्र घटना में घायल हुआ था।














