महाशिवरात्रि पर जगन्नाथ मंदिर पोड़ी में रुद्र महायज्ञ एवं 24 प्रहर अखण्ड हरि संकीर्तन का होगा आयोजन

चिरमिरी। अनंत ब्रह्माण्ड नायक भगवान श्री श्री जगन्नाथ जी की असीम अनुकम्पा से प्रति वर्ष की भांति वर्ष 2026 में भी महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री श्री रुद्र महायज्ञ एवं अखण्ड हरि संकीर्तन (24 प्रहर) का भव्य धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। यह पावन आयोजन संत श्री नागाबाबा महंत पुरुषोत्तम पुरी जी महाराज के सान्निध्य में संपन्न होगा।
कार्यक्रम का आयोजन 14 फरवरी 2026 से 18 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। अंकुरार्पण एवं अधिवास 14 फरवरी 2026, शनिवार सायं को होगा, वहीं श्री नाम संकीर्तन 15 फरवरी से 18 फरवरी 2026 (प्रात: से) प्रारंभ रहेगा। विशेष रूप से 16 फरवरी 2026, सोमवार को सायं 4:00 बजे आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम, पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में भरतपुर सोनहत विधायक श्रीमती रेणुका सिंह एवं चिरमिरी महापौर रामनरेश राय की उपस्थिति रहेगी। आयोजन के अंतर्गत 24 प्रहर अखण्ड हरि संकीर्तन का शुभारंभ श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजक संस्था श्री श्री जगन्नाथ सेवा संघ, चिताझोर पोड़ी, चिरमिरी क्षेत्र ने समस्त श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों को कार्यक्रम में सादर आमंत्रित किया है।

RO No. 13467/10