पौधारोपण के साथ हुई प्रतियोगिता
कोरबा। भारत के प्रथम गृहमंत्री और देश की कई रियासतों को अपने प्रयासों से भारतीय परिसंघ में विलय कराने में सफल रहे लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती कोरबा में धूमधाम से मनाई गई। सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में रन फॉर यूनिटी हुई जिसमें जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, नागरिकों, विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी, एनसीसी, एनएसएस से जुड़े स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। अनेक स्थानों पर पौधरोपण के साथ-साथ चित्रकला और अन्य प्रतियोगिताएं भी कराई गई। सबकी भागीदारी से यह जयंती खास रही।
भारत सरकार ने लौह पुरुष सरदार पटेल का पुण्य स्मरण करने के अंतर्गत इस वर्ष विभिन्न आयोजन शुक्रवार को किए। निर्धारित शेड्यूल के तहत सभी क्षेत्रों में सद्भावना दौड़ कराई गई, इसे रन फॉर यूनिटी का नाम दिया गया। कोरबा नगर के कोतवाली, सिविल लाइन, बालकोनगर, दर्री, कटघोरा, कुसमुंडा, दीपका, बांकीमोंगरा, पाली, करतला, श्यांग, लेमरू और हरदीबाजार पुलिस थाना व चौकी क्षेत्रों में वहां के प्रभारियों के नेतृत्व में इसकी योजना बनाई गई और आज सुबह दौड़ कराई गई। अतिथियों ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तय रूट पर प्रतिभागियों ने एकता और अखंडता का संदेश देते हुए दौड़ लगाए। समापन पर उन्हें पुरस्कार भी दिए गए।
कोरबा के गौमाता चौक, करतला, भैसमा आदि इलाकों में सरदार पटेल की जयंती पर कम्युनिटी की ओर से विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण किया गया। इनके संरक्षण का संकल्प भी लोगों ने लिया। पर्यावरण की भावना को मजबूती देने के लिए इस काम को गति दी गई। आसपास के क्षेत्र से प्लास्टिक, पन्नी और अन्य चीजों को हटाकर क्षेत्र के लोगों से आह्वान किया गया कि वे बेहतर भविष्य के लिए स्थिति को बेहतर करने की मानसिकता बनाए।

RO No. 13467/7