
कीव। रूसी सेना ने मंगलवार को यूक्रेन के जपोरिजिया शहर पर बड़े हमले किए। रूसी सैनिकों ने 100 से अधिक ड्रोन और लगभग 150 ग्लाइड बम दागे। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया है कि अन्य यूक्रेनी शहरों पर भी हमले हुए हैं।
जेलेंस्की ने यूरोपीय एयर डिफेंस सिस्टम की जरूरत जताई
उन्होंने यूरोपीय नेताओं से यूरोप को सुरक्षित बनाने के लिए एयर डिफेंस सिस्टम की जरूरत जताई है। यूकेन ने भी जवाबी हमले किए हैं। यूक्रेन के सशस्त्र बलों ने पश्चिमी रूस के सारातोव क्षेत्र में तेल रिफाइनरी पर रात के समय हमला किया। जेलेंस्की ने टेलीग्राम पर कहा, पिछले दो हफ्तों में रूस ने 3,500 से अधिक ड्रोन, 2,500 से अधिक शक्तिशाली ग्लाइड बम और लगभग 200 मिसाइलें यूक्रेन के अंदर दागी हैं। समय आ गया है कि हम यूरोप की संयुक्त सुरक्षा बहुस्तरीय वायु रक्षा प्रणाली से करें। इसके लिए तकनीकें उपलब्ध हैं। सभी भागीदारों को मजबूत कार्रवाई करनी होगी।
रूसी ग्लाइड बम को लड़ाकू विमानों से ऊंचाई से गिराया जाता है
गौरतलब है कि रूसी ग्लाइड बम को लड़ाकू विमानों से ऊंचाई से गिराया जाता है। ग्लाइड बम के खिलाफ यूक्रेन के पास कोई प्रभावी उपाय नहीं है।जेलेंस्की ने लिखा, जब तक रूस को सचमुच भारी नुकसान नहीं होगा—खासकर आर्थिक नुकसान—तब तक वह सच्ची कूटनीति और युद्ध के अंत से बचता रहेगा।



























