
मॉस्को। रूस के पूर्व राष्ट्रपति और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खास दिमित्री मेदवेदेव ने यूक्रेन युद्ध से जुड़े खतरे की ओर इशारा कर दिया है। कहा, पश्चिमी देशों के दिए हथियारों के कारण यूक्रेन में तनाव बढ़ा और लड़ाई भीषण हुई तो पश्चिमी देशों को रूस के हमले झेलने के लिए तैयार रहना होगा। मेदवेदेव ने अमेरिका के नेतृत्व वाले सैन्य संगठन नाटो को बकवास बताया।
वैसे यह भी कहा कि फिलहाल नाटो के सदस्य यूरोपीय देशों पर हमला करने की रूस की कोई योजना नहीं है। मेदवेदेव ने यह बात रूस की सरकारी न्यूज एजेंसी तास को दिए साक्षात्कार में कही है। रूस के बड़े नेता की ओर से यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 50 दिन के भीतर यूक्रेन के साथ शांति समझौता करने की मांग के बीच आया है।
ट्रंप ने रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाने की भी घोषणा की
ट्रंप ने यूक्रेन को बचाव वाले ही नहीं हमला करने वाले हथियार देने की घोषणा की है जबकि यूरोपीय देश इसके लिए अमेरिका को धन चुकाएंगे। ट्रंप ने 50 दिन के बाद रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाने की भी घोषणा की है।
नाटो ने रूस को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की- मेदवेदेव
मेदवेदेव ने साफ किया कि यदि नाटो ने रूस को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की और स्थिति बिगड़ी तो रूस उन्हें पूरी ताकत से जवाब देगा। इस बारे में पश्चिमी देशों के नेताओं की जो सोच और बयान हैं वे मूर्खतापूर्ण हैं।