
कीव। अमेरिका की मध्यस्थता में युद्ध की समाप्ति पर रूस और यूक्रेन की वार्ता अबूधाबी में शनिवार को दूसरे दिन संपन्न हुई। रूस और यूक्रेन ने वार्ता को सकारात्मक बताते हुए भविष्य में भी बातचीत की संभावना जताई है। कुछ घंटे बाद अमेरिका ने दोनों देशों के नेताओं से बात कर अगली त्रिपक्षीय वार्ता एक फरवरी (रविवार) को होने की सूचना दी है।
इस बीच मास्को पहुंचकर अमेरिकी दूत स्टीव विटकाफ और अमेरिकी राष्ट्रपति के दामाद जेरेड कुशनर ने युद्ध समाप्ति पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से चार घंटे वार्ता की है। लेकिन शुक्रवार-शनिवार की रात रूस के बड़े हमले से दोनों पक्षों बातचीत से बने सकारात्मक माहौल को झटका लगा है। रूस के मिसाइल और ड्रोन हमलों से यूक्रेन के ऊर्जा संयंत्रों को भारी नुकसान हुआ है जिससे भीषण ठंड के मौसम में 10 लाख से ज्यादा लोग बिजली की आपूर्ति से वंचित हो गए हैं। इन हमलों में एक व्यक्ति की मौत हुई है और 31 लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन ने इस हमले की कड़ी निंदा की है।



















