कोलकाता। पांच साल के बेटे के साथ रूसी पत्नी गायब हो गई है। इसे लेकर उसके पति व सास-सुसर ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। बंगाल के हुगली जिले के चंदननगर के रहने वाले सैकत बसु की चीन में काम के दौरान रूसी लड़की विक्टोरिया जिगालिना से मुलाकात हुई थी। बाद में उन्होंने शादी कर ली। शादी के बाद विक्टोरिया के कहने पर सैकत 2019 में चीन से भारत लौट आया। वर्ष 2020 उन्हें एक पुत्र हुआ। सैकत के वकील सुभाशीष भौमिक ने न्यायमूर्ति सूर्यकांत की पीठ में मामले की शीघ्र सुनवाई का अनुरोध किया। उन्होंने मांग की कि दिल्ली पुलिस को सैकत के बेटे को छुड़ाने का आदेश दिया जाए। विदेश मंत्रालय के राजनयिक संपर्कों का इस्तेमाल किया जाए। जानकारी के मुताबिक चीन से भारत लौटने पर सैकत ने एक निजी कंपनी के लिए केंद्र सरकार के लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय की विश्व बैंक परियोजना में सलाहकार के रूप में काम करना शुरू किया। तभी सैकत और उसके परिवार को पता चला कि विक्टोरिया के पिता रूसी जासूसी एजेंसी फेडरल सिक्यूरिटी सर्विस के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। सैकत के पिता समीर बसु एक सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारी हैं।