
कोरबा। कोयलांचल दीपका की एक समिति ने इस बार भी अयोध्या में राम मंदिर के प्रतिष्ठा द्वादशी को सबरी के बेर का समर्पण श्रीराम को करना तय किया है। 11 समाज के प्रतिनिधि सहित 51 सदस्य शिवरीनारायण से सबरी के बेर लेकर अयोध्या पहुंचेंगे। 28 दिसंबर को सुबह 8 बजे श्रद्धालुओं का समूह रामनगरी के लिए रवाना होगा। समिति के सदस्य संतोष गुप्ता ने बताया कि लगातार तीसरे वर्ष में इस तरह की कोशिश की गई है। श्रीराम मंदिर जन्मभूमि ट्रस्ट ने कोरबा जिले की इस कोशिश को पूर्व वर्षों में सराहा है और इस वर्ष के कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया है। बताया गया कि राधाकृष्ण मंदिर से विशेष वाहन रवाना होगा। अयोध्या में प्रतिष्ठा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में भागीदारी के बाद एक जनवरी 2026 को श्रद्धालुओं को वापसी होगी। बुधवारी बाजार स्थित राधाकृष्ण मंदिर में अयोध्या का प्रसाद वितरित होगा। इसी दिन रात्रि 11 बजे तक भंडारा का आयोजन भी होगी।





















