महानदी पॉवर कंपनी में सुरक्षा सप्ताह का समापन

चांपा।
जेएसडब्ल्यू महानदी पॉवर कंपनी लिमिटेड, नरियरा में राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फैक्ट्री मैनेजर अश्वनी मित्तल, जितेंद्र त्रिपाठी, अभिषेक शर्मा, प्लांट सुरक्षा विभाग प्रमुख देबेंद्र पांडा और सहायक संचालक औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा अश्वनी पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
समारोह में फैक्ट्री मैनेजर अश्वनी मित्तल ने कहा कि सुरक्षा केवल नियमों का पालन भर नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है और कार्यसंस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा भी। उन्होंने कहा कि यदि सभी कर्मचारी कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों का पालन करें, तो औद्योगिक दुर्घटनाओं को पूरी तरह रोका जा सकता है। जितेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों में सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना, दुर्घटनाओं को रोकना और सुरक्षित कार्य करने की आदत को विकसित करना है। सप्ताहभर कर्मचारियों में सुरक्षा चेतना बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
अश्वनी पटेल ने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत 4 मार्च 1972 को हुई थी। यह सप्ताह हर साल 4 से 10 मार्च तक औद्योगिक दुर्घटनाओं में कमी लाने और कर्मचारियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने हेतु मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक संस्थाओं को श्रमिकों की सुरक्षा के साथ स्वास्थ्य और पर्यावरण संबंधी नियमों का पालन करना जरूरी है। कार्यक्रम में सुरक्षा सप्ताह के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में विजयी रहे कर्मचारियों और सुरक्षा नियमों का विशेष पालन करने वाले श्रमिकों को सम्मानित किया गया। इससे कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता और उत्साह दोनों बढ़ा। समापन समारोह में प्लांट के सभी कर्मचारी और श्रमिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। आयोजन ने कार्यस्थल पर सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए कर्मचारियों को अधिक सतर्क, जिम्मेदार और सुरक्षा नियमों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

RO No. 13467/11