सलमा सुल्ताना केस : क्या दोषियों की जिंदगी गुजरेगी जेल में या मिलेगी राहत

नए खुलासे के बाद अब कई तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म
कोरबा। मॉडलिंग की दुनिया में सक्रिय रहने के साथ स्थानीय टेलीविजन में एंकरिंग करने वाली सलमा सुल्ताना लश्कर के मर्डर केस से जुड़े दोषियों को क्या आने वाले समय में दंडित किया जाएगा या फिर वे आसानी से बच निकलेंगे? इस मामले में लगातार नए खुलासे होने से कई तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। विधि क्षेत्र के जानकार इस बारे में अपने तरह से मामले को देख रहे हैं।
कुसमुंडा क्षेत्र की निवासी असम मूल की सलमा सुल्ताना लश्कर ने काफी लंबा समय लोकल टीवी में एंकर के तौर पर गुजारा। उसने मॉडलिंग से लेकर इंटरटेन्मेंट सेक्टर में भी काम किया और इसके जरिए पहचान बनाई। पांच वर्ष पहले उसके अचानक लापता होने और यहां-वहां तलाश के बाद कोई नतीजे नहीं आ सके। धीरे-धीरे यह मामला प्रकाश में आया। इस बीच उसके पिता की मृत्यु हो गई। उसके परिजन अपने स्तर पर खोजबीन करते रहे लेकिन सलमा का पता नहीं चल सका। दो वर्ष पहले कई प्रकार की सूचनाओं के मध्य स्थानीय पुलिस हरकत में आई और कोहडिय़ा क्षेत्र में यहां-वहां खोदाई का काम शुरू कराया। विभिन्न गलतफहमियों के बाद इसी मार्ग पर कुछ दूर आगे सलमा का कंकाल एक स्थान पर मिला और फिर जांच-पड़ताल तेज हुई। कंकाल की फोरेंसिक जांच और उसके बाद की प्रकिया में इस प्रकार के दावे किए गए उससे गुत्थी सुलझने की ओर बढ़ी और जिम संचालक मधुर साहू व अन्य सहयोगी जद में आए। उन्हें काफी दिन जेल में गुजारना पड़ा और फिर ठोस ग्राउंड में उन्हें जमानत भी मिली। कुछ समय तक यह प्रकरण शांत रहा और एक बार फिर अदालती प्रक्रियाओं के बीच इसमें गर्माहट आई है। कुछ गवाहों के बयान ने इस प्रकरण में नई रोशनी डालने का काम किया। जिस तरह के दावे किए जा रहे हैं। उससे हर कोई इस प्रकरण की विषयवस्तु को चटकारे लेकर सुन रहा है और दूसरों से साझा कर रहा है। सलमा सुल्ताना मर्डर केस और इसमें कथित रूप से संलिप्त दोषियों का भविष्य आखिर क्या होगा? सवाल उठ रहा है कि क्या लंबे समय तक कोर्ट में सुनवाई और विभिन्न गवाहों के बयान के आधार पर दोषियों को लंबी सजा होगी या फिर पिछली जमानत के आधार पर वे आगे भी बड़ी आसानी से बाहर आने में सफल हो जाएंगे। ये ऐसे कई सवाल हैं जो पूरे प्रकरण को दिलचस्प बनाने के साथ-साथ रहस्यों से भरा विषय बनाते हैं।

RO No. 13467/10