
हसौद। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हसौद ने बुधवार को ग्राम चिस्दा में कार्यकर्ता बैठक का आयोजन किया। बैठक के दौरान पर्यवेक्षकों ने कार्यकर्ताओं से वन टू वन बातचीत की। उन्होंने संगठन की वर्तमान स्थिति, आगामी रणनीति, और जिला अध्यक्ष सहित अन्य पदों के लिए उपयुक्त नामों पर विस्तृत राय जानी। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक व पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, विधायक जनक ध्रुव, पूर्व सांसद इंग्रिड मेक्लॉड मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।पर्यवेक्षक पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत अब नेतृत्व का चयन केवल ऊपर से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की राय से होगा, यही असली लोकतंत्र है। यह अभियान पार्टी में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित कर रहा है। विधायक जनक ध्रुव ने कांग्रेस कार्यकर्ता को पार्टी की असली ताकत बताया और इस अभियान को कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम करार दिया। वहीं, पूर्व सांसद इंग्रिड मेक्लॉड ने संगठन में महिला कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया और उन्हें आगे बढऩे का अवसर सुनिश्चित करने की बात कही। यह प्रक्रिया राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे अभियान का हिस्सा है।



















