पटना साप्ताहिक बाजार में मनरेगा बचाओ संग्राम, भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों पर तीखा हमला

कोरिया बैकुंठपुर। ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत पटना साप्ताहिक बाजार में आयोजित आमसभा में भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार आवाज़ उठाई गई। बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों, किसानों, श्रमिकों और युवाओं के बीच यह बात प्रमुखता से रखी गई कि भाजपा सरकार की नीतियाँ गरीब, किसान और मेहनतकश वर्ग के खिलाफ लगातार हमलावर होती जा रही हैं।
आमसभा में जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि मनरेगा कोई साधारण योजना नहीं, बल्कि देश के गरीब नागरिकों को मिला काम का संवैधानिक अधिकार है। भाजपा सरकार नए कानूनों और बजट कटौती के जरिए इस अधिकार को खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। मनरेगा को अधिकार आधारित कानून से हटाकर प्रशासनिक योजना में बदला जा रहा है, जिससे ग्रामीण मजदूरों की आजीविका संकट में है। इसी के विरोध में 3 फरवरी को कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने की घोषणा की गई। कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल ने किसानों की स्थिति पर भी गंभीर चिंता जताई गई। बताया गया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में किसान धान बेचने के लिए भटकने को मजबूर हैं। समर्थन मूल्य पर खरीदी और भुगतान व्यवस्था कमजोर होने से किसान कर्ज के दलदल में फंसते जा रहे हैं। इसके साथ ही साय सरकार द्वारा किसानों का रकबा काटे जाने से खेती पर सीधा असर पड़ा है, जिससे उत्पादन और आय दोनों प्रभावित हो रहे हैं। बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की विफलता को लेकर भी सरकार को घेरा गया। कहा गया कि भाजपा सरकार न तो युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दे पा रही है और न ही रोजगार के अवसर, जिससे पढ़ा-लिखा युवा हताश और बेरोजगार हो रहा है। जनपद अध्यक्ष उदय सिंह ने कहा कि में बिजली दरों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का मुद्दा भी इस आम सभा में प्रमुखता से उठा। बढ़ी हुई बिजली दरों ने किसानों की सिंचाई लागत और ग्रामीण परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है, जिससे खेती घाटे का सौदा बनती जा रही है। जल-जंगल-जमीन के सवाल पर भाजपा सरकार पर बड़े उद्योगपतियों, खासकर अदानी समूह, को प्राकृतिक संसाधन सौंपने का आरोप लगाया गया। इससे आदिवासी और ग्रामीण समुदायों का अधिकार छीना जा रहा है। जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष यवत सिंह, कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, जनपद अध्यक्ष उदय सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े, वरिष्ठ बंस गोपाल, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार राजवाड़े, गणेश राजवाड़े, विजय सिंह, अनिल जायसवाल विकाश श्रीवास्तव, वसीम अधिवक्ता, परेश सिंह, चांदनी सोनी, रमेश देवांगन, $फरो$ग सिद्दीकी, सुजीत सोनी, संतोष गोयन, सौरभ सिंह, विजय चक्रधारी, रामकुमार यादव, अज़ीमुल्ला, एवं अनेकों कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

RO No. 13467/11