
उन्नाव। निष्कासित भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की सजा निलंबित होने के बाद उठे उबाल के बीच दुष्कर्म पीड़िता का फिर से एक बयान सामने आया है। उसने कहा कि जैसे निर्भया केस में फांसी हुई है, वैसे सेंगर के साथ भी हो। इस फैसले ने देश की बेटियों को डरा दिया है। अब लग रहा है कि हमें, परिवार को या बच्चों को मार दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जब तक जान है, मैं इस लड़ाई को लड़ूंगी। कोई मार दे तो अलग है, पर मैं खुदकुशी करने वाली नहीं हूं। मैं, अपने परिवार व बच्चों के लिए जिऊंगी और अंतिम सांस तक सेंगर से लडूंगी। सेंगर मुझे फूलन देवी बनने पर मजबूर कर देगा। माखी कांड की दुष्कर्म पीड़िता ने अपने बयान में यह भी कहा कि 2027 का चुनाव आ रहा है। मुझे पता चला है कि सेंगर अपनी पत्नी को चुनाव लड़ाना चाह रहा है। उसके रिश्तेदार भी बाहुबली हैं। ऐसे परिवार को भाजपा से टिकट दी जाती है तो मेरे साथ घोर अन्याय होगा। मेरे पिता को पीटा गया।






















