
कोरबा। बरपाली से गिरारी के बीच जंगल मार्ग में बड़ी मात्रा में कांच के टुकड़े और अन्य संदिग्ध सामान मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मामला क्या है और सच्चाई क्या है।
प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस मामले को लेकर अलग-अलग तरह की बातें सामने आ रही हैं। कुछ लोगों द्वारा यह आशंका जताई जा रही है कि गौवंश की हत्या कर अवशेष यहां फेंके गए हैं। हालांकि इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों का कहना है कि जंगल के इस रास्ते पर बड़ी मात्रा में कांच के टुकड़े और खून जैसे धब्बे देखे गए हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए क्षेत्र में तरह-तरह की आशंकाएं और कयास लगाए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोरबा, करतला और श्यांग थाना क्षेत्र की पुलिस बल मौके पर पहुंच गई है। पुलिस द्वारा पूरे इलाके की सघन जांच-पड़ताल की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
























