
नागल, (सहारनपुर)। गांव बढ़ेडी कोली निवासी महबूब पुत्र मजीद ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी किए जाने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज करायी है।
पीड़ित महबूब ने बताया कि अपने ही गांव के शाहरुख जो चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड में फेरी का काम करता हैं। उसके माध्यम से उसकी मुलाकात एक एजेंट से हुई थी, जो विदेश भेजने का काम करता है। पीड़ित के अनुसार एजेंट ने उसके बेटे मोहसीन को मलेशिया में गैस स्टोव फिटिंग के काम पर भेजने का आश्वासन दिया था और इसके लिए ढाई लाख रुपये की मांग की थी।
आरोप है कि 20 अगस्त को एजेंट ने 80 हजार रुपये नगद एडवांस ले लिए तथा एक स्टांप पर शर्तें भी लिखवाईं, जिसमें एयरपोर्ट से उतरते ही कंपनी का परमिट दिलाने का वादा किया गया था। आरोप है कि 31 अगस्त को फ्लाइट टिकट के नाम पर 20 हजार रुपये ऑनलाइन लिए गए और बैंकाक का टिकट कराकर कहा गया कि वहां से मलेशिया भेज दिया जाएगा।






















