
कोरिया बैकुंठपुर। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के रूप में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैलेश शिवहरे को मनोनीत किए जाने पर जिलेभर में हर्ष और उत्साह का माहौल है। इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए पार्टी नेतृत्व द्वारा उन पर जताया गया विश्वास उनकी वर्षों की निष्ठा, संगठनात्मक क्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। शैलेश शिवहरे को नगर और क्षेत्र की जनता एक ऐसे जननेता के रूप में जानती है जो हमेशा आम लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं। नगर पालिका अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान विकास, स्वच्छता, जनकल्याण और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने बिना भेदभाव के सभी वर्गों के हित में कार्य करते हुए जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किया, जिससे वे जनता के दिलों में विशेष स्थान बना सके। पिछड़ा वर्ग मोर्चा में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाए जाने से संगठन को उनके अनुभव, ऊर्जा और जमीनी पकड़ का लाभ मिलेगा। पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि शैलेश शिवहरे इस दायित्व के माध्यम से पिछड़ा वर्ग समाज की समस्याओं को मजबूती से मंच पर रखेंगे और उन्हें संगठन तथा सरकार की नीतियों से जोडऩे में अहम भूमिका निभाएंगे। उनकी नियुक्ति पर भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों एवं नगरवासियों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि शैलेश शिवहरे अपने नए दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्मठता के साथ करेंगे तथा भारतीय जनता पार्टी और समाज के उत्थान में निरंतर योगदान देते रहेंगे।



















