शार्प शूटर मारा गया, ढाई लाख का था इनामी

मऊ: उत्तर प्रदेश के इनामी बदमाश अनुज कनौजिया का झारखंड के जमशेदपुर में एनकाउंटर हुआ है। अनुज कनौजिया के खिलाफ 23 मामले दर्ज थे। मऊ में उसके ऊपर सबसे अधिक छह केस दर्ज हैं। पिछले दिनों यूपी पुलिस ने उसके ऊपर ढाई लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। पांच सालों से अनुज कनौजिया की तलाश यूपी पुलिस को थी। अनुज के झारखंड के जमशेदपुर में छिपे होने की टिप मिलने के बाद यूपी एसटीएफ ने जाल बिछाया। शनिवार को जमशेदपुर में यूपी एसटीएफ और झारखंड पुलिस के संयुक्त अभियान में मुठभेड़ में अनुज को मार गिराया गया। मुख्तार अंसारी गैंग का एक शार्प शूटर अनुज कनौजिया करीब पांच सालों से फरार चल रहा था। यूपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ रहा था। इसलिए, उसके खिलाफ इनाम की राशि बढ़ाई गई। पहले उस पर एक लाख रुपये का इनाम था। उसे बढ़ाकर ढाई लाख रुपये कर दिया गया। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में थीं। डीजीपी कार्यालय ने इनाम बढ़ाने की घोषणा की थी। इसके बाद उसकी जानकारी मिलते ही यूपी एसटीएफ ने एक्शन लिया।
अनुज कनौजिया मऊ के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के बहलोलपुर गांव का निवासी था। मऊ एसपी इलामारन का कहना है कि उस पर मऊ, आजमगढ़ और गाजीपुर जिलों के थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। कुल मिलाकर उसके खिलाफ 23 मुकदमे दर्ज हैं। 34 वर्षीय अनुज 4 हत्या के मामलों में भी वॉन्टेड था। मुख्तार अंसारी की जेल में मौत के बाद से पुलिस उसकी तलाश में तेजी से जुटी। हालांकि, वह पिछले पांच सालों से पुलिस को चकमा दे रहा था। उसे मुख्तार गैंग में शार्प शूटर के रूप में जाना जाता था।

RO No. 13467/9