
पटना। आय से अधिक संपत्ति मामले में घिरे सिवान के कार्यपालक पदाधिकारी अनुभूति श्रीवास्तव और उनकी पत्नी नलिनी प्रकाश के 21 पासबुक में एक करोड़ 48 लाख 46 हजार रुपये जमा पाए गए हैं। वहीं लखनऊ, पटना और सिवान के आवास से छापेमारी में करीब छह लाख 66 हजार रुपये नकद मिला है। इसके अलावा महंगी गाड़ी, फ्लैट जमीन आदि के दस्तावेज भी मिले हैं। आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने कार्यपालक पदाधिकारी के ठिकानों पर बुधवार को देर रात तक छापेमारी की थी जिसका ब्योरा गुरुवार को दिया गया है।
ईओयू के अनुसार, अनुभूति ने अपनी पत्नी के साथ आपराधिक षड्यंत्र के तहत लखनऊ के गोमतीनगर स्थित मकान संख्या 156 एडेल्को ग्रीन्स के पते पर कई शेल (छद्म) कंपनियां बनाई हुई थीं। इनमें संस्कार इंटरप्राइजेज और बुएयांस सलूशन प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। इन कंपनी के बैंक खातों में अवैध रूप से अर्जित राशि को विभिन्न माध्यमों से जमा कराया गया।
इसके बाद इस राशि को चेन ट्रांसफर के माध्यम से अपने और पत्नी के खाते में वापस ले लिया गया। अनुभूति के पूर्वी चंपारण एवं सहरसा में पदस्थापन काल के दौरान भी संस्कार इंटरप्राइजेज में काफी बड़ी मात्रा में नकद राशि जमा की गई और फिर इसका स्थानांतरण पत्नी नलिनी प्रकाश के बैंक खातों में कर लिया गया।
आवास की साज-सज्जा पर किया काफी खर्च:
अनुभूति बिहार नगर विकास सेवा में वर्ष 2013 से नियुक्त पदाधिकारी हैं। ईओयू की तलाशी के दौरान लखनऊ के आवास से एक लाख 92 हजार नकद एवं 400 ग्राम ज्वेलरी, सिवान आवास से एक लाख 25 हजार नकद और पटना के आवास से तीन लाख 49 हजार 500 रुपये नकद बरामद किया गया है। इसके अलावा अनुभूति के सिवान, पटना और लखनऊ की साज-सज्जा पर काफी खर्च भी पाया गया है, जिसकी इन्वेंट्री तैयार की गई है।


















