शिवसेना पार्षद के पति की दिनदहाड़े हत्या, बीच सडक़ पर तलवार और कुल्हाडिय़ों किए वार, नौ गिरफ्तार

मुंबई, २८ दिसम्बर ।
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में नवनिर्वाचित शिवसेना पार्षद के पति की हत्या कर दी गई। इस मामले में एक महिला समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मंगेश सदाशिव कालोखे उर्फ अप्पा का शुक्रवार को खोपोली कस्बे में कुछ लोगों ने पीछा कर बेरहमी से हत्या कर दी।पुलिस के अनुसार, 45 वर्षीय कालोखे अपनी बेटियों को स्कूल छोडक़र घर लौट रहे थे, तभी विहारी इलाके में उन पर हमला हुआ। एक अधिकारी ने बताया कि मृतक नवनिर्वाचित पार्षद मानसी कालोखे के पति थे, जो एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना से हैं। यह हत्या कालोखे और उनके प्रतिद्वंद्वी के बीच राजनीतिक रंजिश का नतीजा थी। प्रतिद्वंद्वी हाल ही में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में हार गए थे। पुलिस ने बताया कि रायगढ़ पुलिस ने मुख्य आरोपित रविंद्र देवकर, दर्शन देवकर और छह अन्य लोगों को नागोथाने इलाके से गिरफ्तार किया गया है। हत्या में शामिल अन्य लोगों की तलाश के बीच खोपोली पुलिस ने इस मामले में एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अब तक पुलिस ने कालोखे की हत्या के संबंध में नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। हमारी जांच जारी है। जांच का हवाला देते हुए अधिकारी ने बताया कि दर्शन रविंद्र देवकर ने सचिन चव्हाण और तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर कालोखे का पीछा किया और तलवार, हंसिया और कुल्हाड़ी से उन पर हमला किया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना को अंजाम देने के बाद वे मौके से फरार हो गए और अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए। अपराध की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले को सुलझाने के लिए पांच टीमें गठित की हैं।उन्होंने बताया कि जांच के दौरान और भी लोगों की संलिप्तता सामने आई है।

RO No. 13467/10