
कुआलालंपुर । थाइलैंड और कंबोडिया के नेता सोमवार को मलेशिया में मुलाकात करेंगे और वहां पर संघर्षविराम पर वार्ता होगी। यह जानकारी मलेशिया के विदेश मंत्री मुहम्मद हसन ने दी है। शनिवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दोनों देशों के नेताओं से टेलीफोन पर वार्ता करके उनसे लड़ाई खत्म करने के लिए कहा था। लड़ाई जारी रहने पर उन्होंने अमेरिकी व्यापार बंद करने की धमकी दी थी। थाइलैंड और कंबोडिया के नेताओं ने लड़ाई खत्म करने की उनकी सलाह के लिए शुक्रिया कहा है लेकिन मलेशिया में वार्ता करेंगे। विदेश मंत्री हसन ने कहा, दोनों ही देशों ने शांति वार्ता का हमारा अनुरोध माना है और हमारी मध्यस्थता स्वीकार की है। मलेशिया को उम्मीद है कि जल्द ही क्षेत्र में शांति स्थापित हो जाएगी। विदित हो कि मलेशिया के पास इस समय दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन आसियान की अध्यक्षता का दायित्व है।वहां के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहीम ने गुरुवार को थाइलैंड और कंबोडिया में लड़ाई छिडऩे के बाद शांति की अपील की थी और मध्यस्थता की पेशकश की थी। थाइलैंड के प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता जिरायु हुआंगसैप ने बताया कि थाइलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथम वेचायाचाइ मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहीम के निमंत्रण पर कुआलालंपुर जाएंगे और वहां पर क्षेत्र में शांति स्थापित करने के उपायों पर वार्ता करेंगे। जिरायु ने बताया है कि कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेत भी मलेशियाई प्रधानमंत्री की मध्यस्थता में होने वाली इस वार्ता में भाग लेंगे। सीमा पर स्थित शिव मंदिर के अधिकार को लेकर थाइलैंड और कंबोडिया के बीच लड़ाई रविवार को चौथे दिन भी जारी रही। दोनों ओर फायरिंग, राकेट प्रहार और गोलाबारी जारी रही। इस लड़ाई में अभी तक 33 लोग मारे गए हैं और दो लाख से ज्यादा लोग विस्थापित हुए हैं।