
फरीदाबाद। यूट्यूबर और बिग बॉस विजेता एल्विश यादव के घर पर फायरिंग मामले में हरियाणा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि यह वही शूटर है, जिसने एल्विश के घर के बाहर फायरिंग की थी। शूटर की पहचान फरीदाबाद की जवाहर कॉलोनी के रहने वाले इशांत उर्फ इशू गांधी के रूप में हुई है। जानकारी सामने आई है कि शुक्रवार सुबह फरीदाबाद की क्राइम ब्रांच सेक्टर 30 ने आरोपी को फरीदपुर गांव के पास घेरा था। इस दौरान, उसने भागने की कोशिश में पुलिस टीम पर ऑटोमेटिक पिस्टल से 6 से अधिक बार फायर किए। पुलिस टीम की जवाबी कार्रवाई के बाद मुठभेड़ हुई, जिसमें एक गोली आरोपी इशू गांधी के पैर में जाकर लगी। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायल इशू गांधी को गिरफ्तार कर लिया। पैर में गोली लगी होने के कारण उसे अस्पताल ले जाया गया। 17 अगस्त की सुबह गुरुग्राम के सेक्टर 56 में एल्विश यादव के घर के बाहर गोलीबारी की घटना हुई थी। बताया जाता है कि एल्विश यादव के घर के बाहर गोलीबारी की घटना में तीन शूटर शामिल थे, जिनमें से एक इशू गांधी भी था। भाऊ गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली। गैंग के दो बदमाशों नीरज फरीदपुरिया और भाऊ रिटोलिया ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाला, जिसमें लिखा, एल्विश यादव के घर पर जो गोली चली, वह उन्होंने चलवाई है।
































