कलश यात्रा के साथ श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ

कपिलेश्वरनाथ मंदिर प्रांगण में आयोजन
कोरबा। पंडित रविशंकर शुक्ल नगर कोरबा में सोमवार को भव्य कलशयात्रा के साथ संगीतमय श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह का शुभारंभ किया गया। सोमवार को मंदिर प्रांगण से निगम (साडा)कॉलोनी स्थित शिव मंदिर प्रांगण तक गाजे बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा यात्रा निकाली गई। इसमें कपिलेश्वरनाथ महिला मंडल की पदाधिकारी व सदस्यों के अलावा क्षेत्र के भागवत कथा प्रेमी शामिल हुए। पारंपरिक परिधान में महिलाएं शामिल हुईं।
कपिलेश्वरनाथ महिला मंडल सेवा समिति एवं रविशंकर नगरवासियों द्वारा संगीतमय श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें श्रीधाम वृंदावन (मथुरा) से आए पंडित कृष्ण गौर शास्त्री द्वारा श्रोताओं को भागवत कथा का रसपान करा रहे हैं। कार्यक्रमानुसार 17 मार्च को कलश यात्रा ,कथा महात्म्य के साथ कथा की शुरुआत की गई। 18 मार्च को कुन्ती स्तुति ,भीष्म स्तुति, शुकदेव प्राकट्य की कथा का श्रवण कराया गया। 19 मार्च को ध्रुव चरित्र ,प्रहलाद चरित्र, नृसिंह अवतार की कथा, 20 मार्च को वामन अवतार, रामावतार ,कृष्ण जन्मोत्सव, 21 मार्च को बाल लीला, गोवर्धन पूजा एवं छप्पन भोग लगाया जाएगा। 22 मार्च को महारास कथा, श्री कृष्ण रुक्मिणी विवाह उत्सव होगा। 23 मार्च को सुदामा चरित्र ,कुरुक्षेत्र में राधा-कृष्ण का मिलन ,भगवान शुकदेव विदाई एवं व्यास पूजन होगा। आठवें दिवस 24 मार्च को हवन ,पूर्णाहुति व प्रसाद वितरण के साथ आयोजन का समापन होगा। समिति ने नगर एवं क्षेत्र के श्रद्धालुओं को उक्त पावन श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में शामिल होने का आग्रह किया है।

RO No. 13467/11