रजत जयंती समारोह : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रायपुर पहुंचीं सीएम-राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष ने किया स्वागत

रायपुर, 2४ मार्च।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने एक दिवसीय दौरे पर आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचीं. वायुसेना के विशेष विमान से रायपुर के माना एयरपोर्ट पर उतरते ही उनका भव्य स्वागत किया गया। राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने राष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान महापौर मीनल चौबे, भाजपा की वरिष्ठ नेत्री सरोज पांडे और मुख्य सचिव अमिताभ जैन भी मौजूद रहे। विधानसभा के 25 साल पूरे होने के मौके पर रजत जयंती वर्ष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विधानसभा परिसर में कदम्ब का पौधरोपण किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू छत्तीसगढ़ विधानसभा में आयोजित रजत जयंती कार्यक्रम में शामिल हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्पीकर रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा में टोनही प्रताडऩा, खाद्य सुरक्षा सहित अब तक 565 विधेयक पारित हो चुके हैं। विधानसभा में सदस्यों की संख्या 90 है। इनमें अनुसूचित जनजाति के 30, अनुसूचित जाति के 10, ओबीसी के 35 सदस्य, सामान्य वर्ग के 15 और महिला सदस्यों की संख्या 19 है। विधानसभा में पहली बार चुनकर आए सदस्यों की संख्या 51 है।
राष्ट्रपति के सम्मान में छत्तीसगढ़ी नाचा और लोक कलाकारों द्वारा पारंपरिक प्रस्तुति दी गई, जिसमें राउत नाचा का भी आयोजन किया गया। लोक कलाकारों ने पारंपरिक अंदाज में नृत्य और गायन के माध्यम से राष्ट्रपति का स्वागत किया, जिससे एयरपोर्ट पर एक सांस्कृतिक माहौल बन गया। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इस दौरान एयरपोर्ट से विधानसभा तक का रास्ता नो मेंस लैंड घोषित किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनाधिकृत प्रवेश से बचा जा सके। उनके काफिले की सुरक्षा में 900 से अधिक जवानों की तैनाती की गई है, साथ ही ट्रैफिक नियंत्रण के लिए कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है।
इससे पहले राष्ट्रपति मुर्मू 25 और 26 अक्टूबर 2024 को रायपुर आई थीं। 25 अक्टूबर को रायपुर एम्स और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान यानी एनआईटी के दीक्षांत समारोह में शामिल हुई थीं। 26 अक्टूबर को रायपुर के जगन्नाथ मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद भिलाई के आईआईटी के दीक्षांत समारोह में शिरकत की थीं।

RO No. 13467/9